देहरादून: उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री नरेश बंसल का राज्यसभा टिकट पक्का हो गया है। केंद्रीय चुनाव समिति ने बंसल को राज्यसभा चुनाव का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। विधानसभा में भाजपा के पास मजबूत संख्या बल होने की वजह से बंसल का चुना जाना तय माना जा रहा है।
बंसल आठ साल की आयु से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार और वैश्य समाज से जुड़े बंसल आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक होने के साथ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहे हैं। पार्टी ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर उन्हें उनकी 50 साल की सेवा का ईनाम दिया है।
2 नवंबर को आएगा परिणाम
दो नवंबर को अपराह्न तीन बजे के बाद विजेता का नाम तय हो जाएगा। कांग्रेस पहले ही संख्याबल कम होने की वजह से राज्य सभा चुनाव में प्रत्याशी न उतारने का निर्णय ले चुकी है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजबब्बर की सीट 25 नवंबर को खाली हो रही है और इस कारण प्रदेश में एक सीट के लिए चुनाव भी हो रहा है।