ऋषिकेश में ‘जनसेवा शिविर’ का भव्य आयोजन, 300 से अधिक लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

Advertisement

ऋषिकेश: देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में बीते शनिवार को ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” जनसेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और नगर निगम ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में करीब 550 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 300 से अधिक लाभार्थियों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

एक ही छत के नीचे 20 से अधिक विभाग

इस जनसेवा शिविर की सबसे खास बात यह रही कि यहाँ जनता की सहूलियत के लिए 20 से अधिक सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने एक ही जगह पर अपनी समस्याओं का समाधान कराया।

ऋषिकेश में जनसेवा शिविर की शुरुआत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मेयर शंभु पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, सफाई आयोग के सदस्य राकेश पारछा, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी और नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ल संयुक्त रूप से शामिल हुए।

शिविर में मुख्य रूप से शामिल विभाग

 स्वास्थ्य एवं चिकित्सा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीमा डेंटल कॉलेज, होम्योपैथिक चिकित्सा और उत्तराखंड स्टेट आयुष मिशन।

 

कृषि एवं पशुपालन: कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग।

 

जन कल्याण व प्रशासन: राजस्व विभाग, समाज कल्याण, खाद्य आपूर्ति, जिला सैनिक कल्याण और बाल विकास विभाग।

 

अन्य सेवाएं: जिला उद्योग केंद्र, यूपीसीएल (बिजली), जल संस्थान और विभिन्न बैंकों के स्टॉल।

शिविर को संबोधित करते हुए अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर ने कहा कि “राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। हमारी प्राथमिकता है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि सरकार खुद उनके दरवाजे पर आए। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने जनता और शासन के बीच के विश्वास को और मजबूत किया है।”

वहीं, मेयर शंभु पासवान ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के 5 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज उत्तराखंड सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी जैसे हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

शिविर को सफल बनाने में प्रशासनिक टीम का विशेष सहयोग रहा. जिसमें एसडीएम कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, एआरटीओ रश्मि पंत, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा सहित पार्षद माधवी गुप्ता और राजेश कुमार आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Previous articleसहसपुर और मसूरी क्षेत्र में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, कई अवैध निर्माण और प्लॉटिंग ध्वस्त, शेरपुर में पांच बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर नहीं मिलेगी कोई राहत-बंशीधर तिवारी